
रात की अघोषित बिजली कटौती से फतेहपुर चौरासी क्षेत्र बेहाल, आए दिन गुल हो रही लाइट से लोगों में नाराजगी
फतेहपुर चौरासी, उन्नाव।
इन दिनों रात के समय हो रही अघोषित बिजली कटौती ने फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। आए दिन रात में अचानक बिजली गुल होने से लोगों को गर्मी और उमस के बीच रात गुजारनी पड़ रही है। पंखे और कूलर बंद होते ही घरों में बेचैनी का माहौल बन जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार फतेहपुर चौरासी पावर हाउस क्षेत्र में रात के समय बार-बार बिजली कटने की समस्या सामने आ रही है। बिजली जाने का कोई स्पष्ट समय न होने के कारण लोगों को यह भी पता नहीं रहता कि आपूर्ति कब बहाल होगी।
सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। रात में बिजली गुल होने पर कई परिवार गर्मी से परेशान होकर छतों और घरों के बाहर बैठने को मजबूर हो जाते हैं। लोगों का कहना है कि दिनभर की थकान के बाद जब रात में आराम की उम्मीद होती है, तभी बिजली कटौती परेशानी को और बढ़ा देती है।
लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि रात के समय अघोषित बिजली कटौती की समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
बड़ा सवाल
आखिर रात में बार-बार बिजली क्यों काटी जा रही है? क्या विद्युत विभाग बताएगा कि फतेहपुर चौरासी पावर हाउस क्षेत्र में रात की कटौती की वजह क्या है और लोगों को इससे राहत कब मिलेगी?




















