
उन्नाव में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी छापेमारी, 967 किलो संदिग्ध खाद्य पदार्थ नष्ट
उन्नाव।
आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने 21 अगस्त 2026 को जनपद उन्नाव में छापेमारी अभियान चलाया। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय प्रियंका सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 09 खाद्य नमूने नियमानुसार संग्रहित किए।
विभागीय कार्रवाई के अनुसार टीम ने रामपुर गढ़वा, पोस्ट रामपुर, थाना औरास क्षेत्र में खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर जांच की। जांच के दौरान खोया, वनस्पति, छेना मिठाई, मिल्क पाउडर और दूध समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों की जांच की गई।
पहले प्रतिष्ठान पर 20 किलोग्राम खोया जिसकी कीमत करीब 5,200 रुपये तथा 15 किलोग्राम वनस्पति जिसकी कीमत करीब 1,400 रुपये बताई गई, कार्रवाई के दायरे में आए। संबंधित प्रतिष्ठान के पास आवश्यक पंजीकरण/लाइसेंस न पाए जाने पर परिसर को बंद कराया गया।
दूसरे परिसर में छेना मिठाई, चीनी की पोल, मिल्क पाउडर और दूध समेत खाद्य पदार्थ पाए गए। विभागीय दस्तावेज के मुताबिक यहां करीब 510 किलोग्राम छेना मिठाई, 10 क्विंटल चीनी की पोल, 16 किलोग्राम मिल्क पाउडर तथा करीब 200 लीटर दूध की कार्रवाई की गई। मानकों के उल्लंघन के कारण नोटिस देते हुए संबंधित निर्माण इकाई को बंद कराया गया।
वहीं जनता ट्रेडर्स, रामपुर गढ़वा से 96 किलोग्राम मिल्क पाउडर और 212 किलोग्राम छेना मिठाई का विवरण दर्ज किया गया। इस प्रतिष्ठान को सुधार संबंधी नोटिस जारी किया गया।
विभागीय रिपोर्ट के अनुसार पूरी कार्रवाई में कुल 112 किलोग्राम नमूने संग्रहित किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 49,720 रुपये है। वहीं करीब 967 किलोग्राम खाद्य पदार्थ, जिसकी अनुमानित कीमत 1,84,600 रुपये बताई गई है, को नष्ट कराया गया।
संग्रहित खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम में सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय प्रियंका सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, आशीष कुमार वर्मा, महेश कुमार, पंकज कुमार यादव एवं वीरन सिंह शामिल रहे।




















