उन्नाव में स्व. अजीत सिंह की जयंती से पुण्यतिथि तक होंगे विविध कार्यक्रम, 23 अगस्त को 4 किमी मैराथन
उन्नाव।
जनपद के पूर्व सदस्य विधान परिषद एवं वरिष्ठ नेता स्व. अजीत सिंह की जयंती से लेकर उनकी 22वीं पुण्यतिथि तक विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के मुताबिक 23 अगस्त से 5 सितंबर तक मैराथन दौड़, दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरण, छात्रवृत्ति, फल वितरण, रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर समेत कई कार्यक्रम होंगे।
23 अगस्त को गांधी नगर तिराहा से 4 किलोमीटर की मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 21 हजार रुपये, द्वितीय को 11 हजार रुपये और तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागी को 5,100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि मैराथन का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करना है।
5 सितंबर को स्व. अजीत सिंह की 22वीं पुण्यतिथि के अवसर पर सुबह 9 बजे सुंदरश्वर महादेव मंदिर परिसर में सुंदरकांड का आयोजन होगा। इसके बाद सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक अरोड़ा रिसॉर्ट, कच्चा खेड़ा में श्रद्धांजलि सभा एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल, जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, फल वितरण, रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद करने और स्व. अजीत सिंह की सामाजिक सेवा की स्मृतियों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजक शशांक शेखर सिंह ‘सनी’, भाजपा नेता, 165 सदर विधानसभा, उन्नाव ने युवाओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आमजन से 23 अगस्त से 5 सितंबर तक आयोजित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
कार्यक्रम के निर्देशक रंजीत सिंह ‘बाबू जी’, पूर्व सदस्य विधान परिषद हैं।




















