
बाबा के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए पहले से मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं और समर्थकों की भीड़ भावुक हो उठी
बांगरमऊ, उन्नाव ।
संत बाबा मिलन दास के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम होने के बाद भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मोहल्ला घूरे टोला स्थित उनके आवास पर लाया गया। जैसे ही बाबा का पार्थिव शरीर पहुंचा अंतिम दर्शन के लिए पहले से मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं और समर्थकों की भीड़ भावुक हो उठी।
शव पहुंचने के कुछ देर बाद विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने हत्या के आरोपियों की पुलिस मुठभेड़ में कार्रवाई तथा आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई। बढ़ते तनाव को देखते हुए मौके पर पहले से कई थानों की पुलिस तथा चार सर्कल के सीओ मौजूद थे।
क्षेत्राधिकारी अरविंद चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद भीड़ शांत हुई और स्थिति नियंत्रण में आ गई।
किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए बाबा के आवास तथा आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस बीच विधायक श्रीकांत कटियार और हिंदू जागरण मंच एवं नर सेवा नारायण सेवा के संस्थापक विमल द्विवेदी ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
बाबा मिलन दास की हत्या को लेकर क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है तथा लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


















