
ज्येष्ठ मास के बड़े मंगलवार को नगर में संपन्न हुए भंडारो में जमकर बंटा प्रसाद

बांगरमऊ संवाददाता
बांगरमऊ उन्नाव।
ज्येष्ठ माह के पांचवें मंगलवार को नगर में एक दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के लिए नागरिकों और राहगीरों की भारी भीड़ उमड़ी।
नगर के नानामऊ मार्ग तिराहे पर उन्नाव मार्ग पर स्थित गुरु कृपा क्लास स्टोर परिसर में भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष बालाराव गुप्ता द्वारा आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं को चावल- सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया।
क्षेत्रीय विधायक श्रीकांत कटियार ने भगवान बजरंग बली की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन कर भंडारे का शुभारंभ किया। वहीं नानामऊ मार्ग तिराहा पर पालिका चेयरमैन रामजी गुप्ता द्वारा भंडारा आयोजित किया गया। भंडारे में हजारों नागरिकों ने पूड़ी-सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया। इसके अलावा मोहल्ला सराय रोड मोड पर राकेश चौरसिया, कोतवाली गेट के निकट रज्जन राठौर, संडीला रोड पर विकास गुप्ता, स्टेशन रोड पर चौधरी विजय सिंह द्वारा आयोजित भंडारे में पूड़ी-सब्जी, हलुआ, शर्बत और चावल-छोला का प्रसाद वितरित किया गया। इन सभी भंडारे में नगर एवं क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। जबकि मोहल्ला खत्रियान स्थित रस्तोगी शिवाला में सुंदरकांड का संगीतमय पाठ और प्रसाद वितरित किया गया। इस धार्मिक आयोजन में राजेश रस्तोगी, योगेश रस्तोगी व शुभम रस्तोगी आदि नागरिकों ने सहयोग किया। वहीं नगर के विख्यात संतोषी माता मंदिर और पंचेश्वर मंदिर में भी पंडित रविशंकर दीक्षित जी महराज और सक्षम शुक्ला द्वारा भगवान बजरंग बली की आरती कर प्रसाद वितरित किया गया।

















