
पुलिस ने अवैध तमंचा कारतूस के साथ युवक को गिरफ्तार कर भेजा जेल
बांगरमऊ, संवाददाता
बांगरमऊ उन्नाव।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बेहटा मुजावर पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा व जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
बेहटा मुजावर थाने के उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह हमराह सिपाहियों के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सचान कोट गांव के पास खाली पड़े एक होटल के निकट एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम ने युवक को रोककर पूछताछ की तथा उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अदद 12 बोर का देशी तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम सोनेलाल पुत्र छंगा निवासी ग्राम गोरिया कला थाना बेहटा मुजावर बताया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। आवश्यक लिखा-पढ़ी के बाद आरोपी को अदालत के समक्ष पेश कर दिया गया।
बेहटा मुजावर थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अवैध असलहों की धरपकड़ के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।



















