
*बदहाल रास्ते और टूटी नालियों से सरोजनी नगर के लोग परेशान, जलभराव ने बढ़ाई मुसीबतें*—

बांगरमऊ, उन्नाव।
नगर के मोहल्ला सरोजनी नगर में विकास कार्यों की पोल खुलती नजर आ रही है। मोहल्ले के मुख्य मार्गों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि स्थानीय निवासियों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। विशेष रूप से हारून के घर से नाज़ आलम के घर तक और राशिद कुरैशी के घर से बादशाह के घर तक जाने वाला मार्ग पूरी तरह जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है।
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण सड़कें गढ्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। 
इसके साथ ही नालियां पूरी तरह से टूट चुकी हैं, जिसके कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। मामूली बारिश होने पर भी यहाँ जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो जाती है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। मार्ग खराब होने के कारण बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को निकलने में सबसे अधिक कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कीचड़ और फिसलन भरी सड़कों के कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। मोहल्ले वासियों ने बताया कि कई बार शिकायतों के बावजूद अभी तक प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।मोहल्ले के निवासियों ने नगर पालिका प्रशासन और उच्चाधिकारियों से मांग की है कि हारून के घर से नाज़ आलम के घर तक नए मार्ग व नाली का निर्माण कराया जाए। राशिद कुरैशी के घर से बादशाह के घर तक रास्ते और नाली की अविलंब मरम्मत की जाए। जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नालियों की सफाई और निकासी की व्यवस्था सुधारी जाए। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मार्ग और नाली का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।



















