
*जनगणना 2027 हेतु प्रगणकों और सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न*—

बांगरमऊ, उन्नाव।
भारत की आगामी जनगणना-2027 को सुचारू और त्रुटिहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में, नगर पालिका परिषद बांगरमऊ के सभागार में चल रहा प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आज सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
प्रशिक्षण के तीसरे और अंतिम दिन मास्टर ट्रेनरों ने उपस्थित कर्मियों को जनगणना की बारीकियों से अवगत कराया। इस बार की जनगणना में तकनीक के बढ़ते प्रयोग को देखते हुए मोबाइल ऐप और डिजिटल पोर्टल पर डेटा फीड करने का विशेष अभ्यास कराया गया। मास्टर ट्रेनरों ने निर्देश दिया कि प्रत्येक परिवार से जानकारी लेते समय संवेदनशीलता और सटीकता का ध्यान रखा जाए। प्रगणकों द्वारा पूछे गए विभिन्न तकनीकी सवालों और फील्ड में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। नगर पालिका सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशिक्षकों ने जोर देकर कहा कि जनगणना राष्ट्र के भविष्य की योजनाओं के निर्धारण में मील का पत्थर साबित होती है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। सुपरवाइजरों को जिम्मेदारी दी गई है कि वे अपने अधीनस्थ प्रगणकों के कार्यों की निरंतर समीक्षा करें। आज के सत्र के समापन पर सभी उपस्थित कर्मियों को फील्ड वर्क के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने की शपथ दिलाई गई।



















