
खड़े लोडर में डी सी एम ने पीछे से मारी टक्कर हादसे में युवक की हुई मौत 12 गंभीर
बांगरमऊ उन्नाव ।
कोतवाली क्षेत्र के हरदोई-उन्नाव मार्ग पर ग्राम दु्ल्लापुरवा के निकट खड़े लोडर में पीछे से डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी । हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को यहां के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मल्लावां क्षेत्र के ग्राम लच्छीपुर निवासी लाला की बेटी के तिलक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव के करीब 20 लोग लोडर से सफीपुर क्षेत्र के ओसियां गांव गए थे। देर रात सभी वापस लौट रहे थे। क्षेत्र के हरदोई उन्नाव मार्ग स्थित ग्राम दुल्लापुर के निकट एक होटल के पास चालक ने लोडर रोक दिया । लोडर सवार लोग नीचे उतरकर चाय-पानी करने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने खड़े लोडर में टक्कर मार दी। जिससे वहां खड़े लोग भी चपेट में आ गए।
इस हादसे में 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल यहाँ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सक डॉ. आफताब आलम ने विजय कुमार (25) को मृत घोषित कर दिया। अन्य 12 घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाल अखिलेश चंद्र पाण्डेय ने बताया कि खड़े लोडर में पीछे से मिनी ट्रक घुसने से हादसा हुआ है। पुलिस ने मिनी ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घायलों में गयाप्रसाद पुत्र कुबेर , रामकुमार पुत्र रामलाल , अनुराग पुत्र केशरी लाल , आशीष पुत्र मुन्नी लाल, राजू पुत्र राधेलाल, अमित कुमार पुत्र राधेलाल , शैलेश कुमार पुत्र पुच्छ लाल , दीपक कुमार पुत्र रामासरे , शैलेन्द्र पुत्र सरजू प्रसाद , देशराज पुत्र रामस्वरूप, आकाश पुत्र रामदास व आशीष कुमार पुत्र मुन्नी लाल निवासीगण लच्छीपुर व भवानीपुर, मल्लावां हरदोई शामिल हैं।




















