
विधानसभा में गूंजा उन्नाव का स्वर, ऋषि वैभव मिश्र ने बढ़ाया जनपद का नाम

बांगरमऊ उन्नाव
राज्य स्तरीय “विकसित भारत युवा संसद 2026” के अंतर्गत विधानसभा में आयोजित तीसरे दिन के सत्र में जहाँ 50 युवा वक्ताओं ने अपने विचारों से राष्ट्र चिंतन को नई दिशा दी, वहीं उन्नाव जनपद के ऊगू नगर के युवा प्रतिभागी ऋषि वैभव मिश्र ने अपने प्रभावशाली वक्तव्य से पूरे सदन का ध्यान आकर्षित किया।
“केंद्रीय बजट 2026: विकसित भारत 2047 की ओर युवाओं के मार्ग को सुदृढ़ बनाना” विषय पर बोलते हुए ऋषि वैभव मिश्र ने रोजगार सृजन, ग्रामीण विकास, शिक्षा की गुणवत्ता तथा युवा नेतृत्व की भूमिका पर सशक्त विचार प्रस्तुत किए। उनके वक्तव्य में जमीनी समझ के साथ राष्ट्रीय दृष्टिकोण और वैश्विक सोच का संतुलित समन्वय स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
उनकी ओजस्वी वाणी और तार्किक प्रस्तुति से सदन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब गांवों को आत्मनिर्भर बनाकर युवाओं को स्थानीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
ऊगू जैसे छोटे नगर क्षेत्र से निकलकर विधानसभा के मंच पर अपनी पहचान बनाने वाले ऋषि वैभव मिश्र ने न केवल उन्नाव जनपद का मान बढ़ाया, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बने।
कार्यक्रम में उनकी सक्रिय भागीदारी और प्रभावशाली प्रस्तुति ने यह सिद्ध कर दिया कि उन्नाव के युवा भी राष्ट्रीय मंचों पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने में सक्षम हैं।
श्री मिश्र के द्वारा विधानसभा में विकसित भारत की परिकल्पना में खींची गई तस्वीर के बारे मे क्षेत्र वासियों को मालूम हुआ तो सभी ने वैभव की जमकर तारीफ कि साथ ही यह भी कहा कि आने वाले समय में वह राष्ट्रीय के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर अपनी बेबाक राय देते रहेंगे।




















