
बकरी चरा रही वृद्धा पर गिरी बिजली, 2 मवेशी सहित 3 की मौत
नवाबगंज/बांगरमऊ (उन्नाव)। दो अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली गिरने से चपेट में आकर अजगैन क्षेत्र में वृद्धा की मौत हो गई। जबकि, बांगरमऊ क्षेत्र में दो मवेशी मर गए।
अजगैन कोतवाली के झखरी मोहल्ला निवासी रामदुलारी उर्फ गेंदा (62) पत्नी स्व. मेवालाल राजपूत रविवार शाम नवाबगंज रवनहार मार्ग पर कुल्लेश्वर मंदिर के पास रविवार शाम चार बजे बकरी चरा रही थी। वह मंदिर पर बैठी हुई थी। तभी तेज आवाज के साथ उन पर बिजली गिरी और वह अचेत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजन सीएचसी लाए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के तीन बेटे राजपूत, राजकुमार और राजेंद्र हैं। मां की मौत से बेटे और अन्य परिजन बेहाल हैं। कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
उधर, बांगरमऊ के नैनसुख खेड़ा में शनिवार देर रात करीब तीन बजे तेज बारिश के दौरान बिजली गिरी। इस दौरान गांव के विजय शंकर राठौर की एक भैंस और एक पड़िया मकान के सहन में बनी झोपड़ी के नजदीक बंधी थीं। बिजली दोनों मवेशियों पर गिर गई। दोनों मवेशियों ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंचे लेखपाल ने घटना की रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेजी। बांगरमऊ के पशु चिकित्सक ने शवों का पोस्टमार्टम कर रिपोर्ट तहसीलदार को भेज दी।



















