
Unnao
अंडरपास में भरा बारिश का पानी, आवागमन बाधित
फतेहपुर चौरासी से चकलवंशी के बीच में एक दिन पूर्व क्षेत्र में हुई बरसात से रेल मार्ग व गंगा एक्सप्रेसवे में बने अंडरपास में पानी भर गया है। इससे आवागमन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चार पहिया वाहन सवारों को कई किमी का चक्कर लगाना पड़ रहा है तो बाइक सवार व पैदल जाने वाले लोग रेल पटरी फांद रहे हैं।
कानपुर-बालामऊ रेलमार्ग पर काली मिट्टी सादुल्लापुर मार्ग व रज्जाकपुर के पास बने अंडरपास में घुटनों तक पानी भर गया है। ऊगू से आने-जाने में बाइक सवार व पैदल लोग रेल की पटरी पार कर रहे हैं। वहीं चौपहिया वाहन अब हुलासी कुआं होते हुए ऊगू पहुंचने में सात से आठ किमी का चक्कर लगा रहे हैं।
उधर, ब्लाक मियागंज क्षेत्र के पुरवा कोरारी बिरसिंहपुर माखी संपर्क मार्ग पर गंगा एक्सप्रेसवे के अंडरपास में दोनों ओर संपर्क मार्ग पर कच्ची मिट्टी पड़ी है। शनिवार को बरसात होने से अंडरपास के दोनों ओर पानी भर गया। कच्ची मिट्टी कीचड़ में तब्दील होने से राहगीरों का निकला मुश्किल हो गया। बिरसिंहपुर के लोग माखी थाने व जनपद मुख्यालय जाने के लिए पंद्रह किमी का चक्कर लगा रहे हैं।
रिपोर्ट RPS समाचार



















