
नव वर्ष 2026 के पहले दिन RPS समाचार परिवार की समाजसेवा, जरूरतमंदों को बांटे कंबल

दोस्तपुर शिवली (उन्नाव)
नव वर्ष 2026 के पहले ही दिन RPS समाचार परिवार ने मानवता और समाजसेवा की एक प्रेरणादायी मिसाल पेश की। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच जरूरतमंदों को कंबल वितरित कर ठिठुरते चेहरों पर मुस्कान लाई गई।

1 जनवरी 2026 को उन्नाव जनपद के दोस्तपुर शिवली गांव में समाजसेवा का अनूठा दृश्य देखने को मिला। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी RPS समाचार के प्रधान संपादक श्री रघुनाथ प्रसाद शास्त्री एवं प्रबंध संपादक श्रीमती मधुलिका शास्त्री के नेतृत्व में जरूरतमंद वृद्धों, असहायों एवं गरीब परिवारों को कई दर्जन कंबल वितरित किए गए।

इस समाजसेवी कार्यक्रम में नई दिल्ली ब्यूरो चीफ ललित कुमार, उन्नाव ब्यूरो चीफ अमरनाथ एवं फतेहपुर चौरासी रिपोर्टर ललित सिंह की सक्रिय सहभागिता रही।

कंबल वितरण के दौरान प्रधान संपादक श्री रघुनाथ प्रसाद शास्त्री ने कहा—
“पत्रकारिता के साथ-साथ समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी उतनी ही बड़ी है। यदि नव वर्ष की शुरुआत किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाकर हो, तो वही सच्चा उत्सव है।”

वहीं प्रबंध संपादक श्रीमती मधुलिका शास्त्री ने कहा—
“कड़ाके की ठंड में एक कंबल किसी की जान बचा सकता है। हमारा प्रयास है कि हर वर्ष जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचे।”

कंबल प्राप्त कर जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और संतोष स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। लोगों ने RPS समाचार परिवार का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की।

नव वर्ष के पहले दिन की यह पहल यह संदेश देती है कि RPS समाचार केवल खबरें ही नहीं दिखाता, बल्कि जरूरत पड़ने पर समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा भी रहता है।
रिपोर्ट – अमरनाथ (उन्नाव)





















