पेपर देने जा रहे छात्रों पर हादसों का कहर, छात्रा समेत पांच घायल
[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]
Written by
Report प्रधान संपादक
पेपर देने जा रहे छात्रों पर हादसों का कहर, छात्रा समेत पांच घायल उन्नाव | बांगरमऊ
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों ने परीक्षा देने जा रहे छात्रों की मुश्किलें बढ़ा दीं। इन हादसों में एक छात्रा सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के जिरिकपुर गांव की है। गांव निवासी 18 वर्षीय प्रीति अपने 14 वर्षीय भाई प्रिंस के साथ गौतम बुद्ध महाविद्यालय में स्नातक की परीक्षा देने के लिए बाइक से निकली थी। जैसे ही वे संडीला मार्ग पर सहदानी मोड़ के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों भाई-बहन सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं दूसरी घटना लखनऊ मार्ग पर हुई। मुस्तफाबाद गांव निवासी सचिन पुत्र रमेश अपने दोस्तों रामू पुत्र रामनाथ निवासी रूरी सादिकपुर और राज पुत्र कमलेश के साथ बाइक से परीक्षा केंद्र जा रहा था। रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी बांगरमऊ ले जाया गया।
सीएचसी में तैनात डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसों की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। खासकर परीक्षा के दिनों में छात्रों का बड़ी संख्या में सड़कों पर आना-जाना रहता है, ऐसे में यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से परीक्षा अवधि के दौरान प्रमुख मार्गों और परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। रिपोर्ट जमीर खान