
तालिबपुर रहली गांव में युवक ने की आत्महत्या, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
उन्नाव
फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के तालिबपुर रहली गांव में बीती रात 36 वर्षीय युवक ने घर के अंदर साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
मृतक की पहचान भिखारी लाल के बड़े पुत्र गिरीश (36 वर्ष) के रूप में हुई है। गिरीश के परिवार में पत्नी सुनीता, बड़ा पुत्र लवकुश, छोटा पुत्र कुश और बेटी सौम्या हैं। तीनों बच्चे अभी दस वर्ष से भी छोटे हैं। पति की अचानक मौत से पत्नी और मासूम बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गिरीश शराब का आदी था, जिससे आए दिन पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। परिजनों का आरोप है कि इसी घरेलू कलह से परेशान होकर गिरीश ने यह कदम उठाया।
गांव में चर्चा है कि गिरीश के पिता भिखारी लाल ने भी आत्महत्या की थी। भिखारी लाल के पिता ने भी आत्महत्या की थी। ऐसे में एक ही परिवार में लगातार हुई दो घटनाओं ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, गांव में शोक की लहर है और अब सुनीता के सामने अपने तीन छोटे बच्चों का पालन-पोषण करना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।
रिपोर्ट: ललित सिंह



















