
हादसे में साइकिल सवार छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गया।
बांगरमऊ
कोतवाली क्षेत्र में बिल्हौर मार्ग पर स्थित सिंघूपुर बेरिया गाड़ा मोड़ पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गया। परिजन घायल को यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जमुनिहां बंगर अंतर्गत मजरा नन्हू पुरवा निवासी सूरज 16 वर्ष पुत्र रामस्वरूप कक्षा 11 का छात्र था। वह आज सोमवार को देर शाम साइकिल से चक्की पर आटा उठाने जा रहा था। तभी रास्ते में बिल्हौर मार्ग पर स्थित ग्राम सिंघूपुर बेरिया गाड़ा संपर्क मार्ग मोड़ पर अचानक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल चकनाचूर हो गई और छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित भाग निकला। सूचना पर पहुंचे परिजन आनन-फानन उसे यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। जहां चिकित्सकों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर फैलते ही परिजनों सहित गांव के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर जा पहुंचे। बाद में सभी परिजन यहां के सरकारी अस्पताल आए और अपने बेटे का शव देखते ही दहाड़े मारकर रोने-बिलखने लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया।

परिजनों के अनुसार सूरज होनहार छात्र था। वह अपने तीन भाइयों सुशील, शिवपाल और पवन से छोटा धा। बड़े भाई सुशील की शादी हो चुकी है। उसकी दो बहनें सोनी और महेश्वरी हैं। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलते ही अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी। दुर्घटना करने वाले वाहन का सुराग लगाया जा रहा है।
रिपोर्ट जमीर खान



















