
झमाझम बरसात से खिले किसानों के चेहरे
उत्तर प्रदेश
इस वर्ष पूरे प्रदेश में बरसात के मौसम में अच्छी बरसात ने किसानों के चेहरे पर मुस्कराहट ला दी है। पिछले कई वर्षों से कम वर्षा के कारण है, जल स्तर गिरता जा रहा था। गिरते जल स्तर के कारण खेतों के बोर और घरेलू हैंडपंप गर्मियों में या तो कम पानी देना शुरू कर देते हैं या फिर जवाब दे देते हैं लेकिन इस बार हो रही ठीक वर्षा से गर्मी से राहत मिलने के साथ जल स्तर बढ़ने की संभावना भी बढ़ गई है जिससे किसानों के मुरझाए चेहरे पर रौनक आने लगी है। इस समय चल रही धान की रोपाई और लगे धान की सिंचाई के लिए चिन्तित किसानों ने ठीक बरसात होने से राहत की सांस ली है। दो दिन से लगातार हो रही बरसात ने क्षेत्र वासियों की कुछ मुसीबतें भी बढ़ा दीं हैं। गांव के अन्दर बाहर कच्चे रास्तों में पानी भर जाने से आवागमन मुसीबत बन गया है। साथ ही पेड़ों के गिरने से जोखिम बढ़ गया है। प्रदेश में कई जगह सड़कों पर पेड़ गिर जाने से यातायात प्रभावित हुआ।
कई जगहों पर बिजली के खंभे टूट गए जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित रही। गनीमत यह रही कि कहीं से कोई जन हानि की जानकारी नहीं मिल रही है
लगातार हो रही बरसात से लोगों को रोजमर्रा की चीजें लाने में भी कठिनाई हो रही है लेकिन अच्छी वर्षा से सभी संतुष्ट दिखाई दे रहे हैं और आने वाले समय में पानी की किल्लत से राहत की आशा जगाए हैं।
मौसम विभाग के द्वारा मिली जानकारी के अनुसार 9 अगस्त तक इसी तरह बारिश होने की संभावना है।
रिपोर्ट RPS समाचार



















