
एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन पर गई स्लीपर बस
दिल्ली से सिद्धार्थनगर जा रही स्लीपर बस में थे 40 यात्री, अन्य को हल्की चोटें, दूसरे वाहन से भेजा गया
दोनों चालकों के पैर टूटे, आठ यात्री घायल, चार लोगों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया
–चालक को झपकी आने से सुबह चार बजे हुआ हादसा
दिल्ली से सिद्धार्थ नगर जा रही स्लीपर बस के चालक को औरास के पास रविवार सुबह चार बजे झपकी आ गई। अनियंत्रित हुई बस डिवाइडर की ग्रिल तोड़ते हुए दूसरी लेन पर पहुंच गई। ज्यादातर घायल बस्ती और सिद्धार्थनगर के बताए गए हैं।
बस सवार 40 यात्रियों में चीख पुकार मच गई, गनीमत रही कि दूसरी लेन पर कोई वाहन नहीं था। हादसे में बस के चालक, सहचालक और यात्री घायल हो गए। पुलिस और यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने सभी गंभीर घायलों को सीएचसी भेजा और अन्य यात्रियों का एंबुलेंस में ही मरहम पट्टी की। बस के दोनों चालकों के दाहिने पैर में फ्रैक्चर हुआ है। वहीं दो यात्रियों को भी गंभीर चोटें आईं हैं। चारों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
दिल्ली से 40 सवारियां लेकर स्लीपर बस सिद्धार्थनगर जा रही थी। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर और के पास भोर चार बजे मथुरा जिले के थाना बलदेव के गांव अटकौली निवासी चालक अजय कुमार (32) पुत्र वीरन सिंह को झपकी लग गई। इससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन पर पहुंच गई।
घटना में चालक और सह चालक सिद्धार्थनगर के मिश्रौलिया धनगडवा निवासी नसीम (30) बस्ती जिले के थाना अरैया गांव जोदईपुर प्रभात कुमार (30), बिजनौर जिले के थाना नेटोर के गांव वैरमाबादगड निवासी विशाल (25), संतकबीर नगर जिले के थाना गुलरिया के गांव अगापुर, निवासी रघुवीर (22), शामली जिले के थाना के बनत आदर्शमंडी के शाहआलम (35), बस्ती जिले के कोतवाली बस्ती निवासी रेहान (35), जीशान (25) , बस्ती जिले थाना छावनी के गांव इलौली गोसाई निवासी आवेश अहमद (23) और इसी जिले के सदर कोतवाली के भीटी मिश्र निवासी प्रमिला (36) पत्नी महेश कुमार घायल हो गए।
पुलिस ने सभी घायलों को 5:10 बजे सीएचसी लाई। हालत गंभीर होने से डॉक्टर ने चालक अजय, नसीम और यात्री प्रभात व विशाल लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष भवन सिंह मौर्य ने बताया कि चालक को झपकी आने से हादसा हुआ है। बस के दो चालक और आठ यात्री घायल हुए हैं। दोनों चालकों और दो यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।



















