
UNNNAO
रक्षाबंधन पर सीट के लिए ट्रेन में अभी से वेटिंग
उन्नाव
रक्षाबंधन मनाने के लिए ट्रेनों से नई दिल्ली व मुंबई से आने व त्योहार बाद वापस जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। वर्तमान समय में लंबी दूरी की कुछ ट्रेनों में अभी से वेटिंग हो गई है, हालांकि लोग इस उम्मीद के साथ वेटिंग में टिकट बुक करा रहे हैं कि शायद यात्रा के दौरान सीट मिल जाए।
ट्रेनों में भी सीटों के आरक्षण को लेकर मारामारी शुरू हो चुकी है। कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग पहुंच गई है। कैफियत, ऊंचाहार, गोरखधाम, पुष्पक और कुशीनगर एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में अभी से सौ से ऊपर की वेटिंग दिख रही है। इसके अलावा कानपुर से जम्मू जाने वाली जम्मू-तवी एक्सप्रेस (हर बुधवार), नीलांचल एक्सप्रेसवे, अवध एक्सप्रेस, माल्दा टाउन आदि ट्रेनों में भी आरक्षित सीटें फुल हो गई हैं। हर घंटे वेटिंग बढ़ती ही जा रही है। वाणिज्य विभाग में तैनात मोहम्मद सैफ ने बताया कि लोग टिकट बुक करा रहे हैं। अभी ज्यादा वेटिंग नहीं है, हालांकि त्योहार के समय वेटिंग बढ़ सकती है।
यात्री बढ़ने पर बढ़ाई जाएंगी बसें
उन्नाव जिले में परिवहन निगम की 102 रोडवेज बसों का संचालन अलग-अलग रूटों पर किया जा रहा है। इनमें सीधे दिल्ली के लिए दो राजधानी एक्सप्रेस और सात साधारण बसें सफीपुर, बांगरमऊ से होते हुए दिल्ली तक जाती हैं। त्योहार के पहले और बाद तक दिल्ली रूट पर चार अतिरिक्त बसे चलाई जाएंगी। वहीं कई बसों के फेरे भी बढ़ा दिए जाएंगे। एआरएम गिरीश चंद्र वर्मा ने बताया कि रक्षाबंधन पर यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों के फेरे और लंबे रूट की बसें बढ़ा दी जाएंगी।



















