
बांगरमऊ
तेज आंधी-तूफान से एक पेड़ अचानक चलती बाइक पर आ गिरा
कोतवाली क्षेत्र में हरदोई मार्ग पर स्थित श्रीवास ढाबा के निकट तेज आंधी-तूफान से एक पेड़ अचानक चलती बाइक पर आ गिरा। हादसे पेड़ के नीचे दबकर मां – बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायल मां-बेटे को यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने मां को मृत घोषित कर दिया। जबकि बेटे को नाज़ुक हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चोरहा निवासी विवेक 23 वर्ष पुत्र राजकुमार अपनी मां रिंकी 50 वर्ष का इलाज कराने बाइक से बांगरमऊ आया था। वह आज शुक्रवार की शाम अपनी मां के इलाज के बाद उसे लेकर वापस अपने घर जा रहा था। रास्ते में उन्नाव-हरदोई मार्ग पर स्थित श्रीवास ढाबा के निकट तेज आंधी-तूफान चलने लगा। तभी तेज़ हवा के झोंके से अचानक एक पेड़ चलती बाइक पर आ गिरा। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक पर सवार मां-बेटे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने आनन-फानन मां-बेटे दोनों को यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने देखते ही मां रिंकी को मृत घोषित कर दिया। जबकि बेटे विवेक को प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाज़ुक देखकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मौत की खबर मिलते ही तमाम परिजन अस्पताल आ पहुंचे और शव देखते ही दहाड़े मारकर रोने-बिलखने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी।
रिपोर्ट जमीर खान



















