
प्रधानमंत्री सम्मान निधि का हस्तांतरण:उन्नाव के कृषि विज्ञान केंद्र में सजीव प्रसारण और किसान गोष्ठी का आयोजन
कृषि विज्ञान केंद्र, धौरा, उन्नाव में प्रधानमंत्री सम्मान निधि के हस्तांतरण का सजीव प्रसारण और एक दिवसीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोहान विधान सभा के विधायक बृजेश रावत थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष मोहित कुमार सिंह और जिला पंचायत सदस्य इंद्र मोहन सिंह उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से किया। इसका सीधा प्रसारण केंद्र में उपस्थित अतिथियों, प्रगतिशील कृषकों और कृषक महिलाओं को दिखाया गया। साथ ही प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का संबोधन भी सुनाया गया।
विधायक बृजेश रावत ने अपने संबोधन में बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा किसानों के खाते में सीधे सम्मान निधि भेजी जा रही है। जिला पंचायत सदस्य इंद्र मोहन सिंह ने आम के बागों में हल्दी की सहफसली खेती के बारे में चर्चा की।
केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक और प्रमुख ने किसानों को प्राकृतिक खेती करने की आवश्यकता पर जोर दिया। मृदा वैज्ञानिक रत्ना सहाय ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड के बारे में जानकारी दी। सस्य वैज्ञानिक डॉ. धीरज कुमार तिवारी ने धान की फसल में खरपतवार प्रबंधन पर प्रकाश डाला।
पौध संरक्षण वैज्ञानिक डॉ. जय कुमार यादव ने खरीफ फसलों में लगने वाले रोग और कीटों के प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के बाद किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। प्रगतिशील कृषकों और महिलाओं को सम्मानित किया गया।
साथ ही केंद्र द्वारा आयोजित एग्रीकल्चर स्किल काउंसिल ऑफ इंडिया के स्मॉल मशरूम उत्पादक प्रशिक्षण के प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में डॉ. विनीता सिंह, शान्तनु सिंह, अनुभव सिंह, सौरभ सिंह (उद्यान निरीक्षक), राजेश कुमार (प्रभारी बीज भंडार), कृषि विभाग और उद्यान विभाग के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



















