
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर मोटर साइकिल सवार ने साइकिल में मारी टक्कर स्कूल चौकीदार की हुई मौत
बांगरमऊ उन्नाव।
कोतवाली क्षेत्र में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड पर तेज़ रफ़्तार बाइक ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार स्कूल चौकीदार की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
ग्राम जगटापुर निवासी वेदप्रकाश 70 वर्ष पुत्र कालिका प्रसाद आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे सर्विस रोड के निकट निजी स्कूल में चौकीदारी कर रहा था। वह आज बुधवार को साइकिल से ड्यूटी पर विद्यालय जा रहा था। तभी रास्ते में एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा के निकट स्थित सर्विस रोड पर सामने से तेज गति से आ रही बाइक ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार चौकीदार गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस घायल को यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाई। जहां के डाक्टरों ने आनन-फानन घायल का इलाज शुरू किया। किंतु इलाज के दौरान घायल की दर्दनाक मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही तमाम परिजन और ग्रामीण अस्पताल आ पहुंचे और शव देखते ही रोने- बिलखने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया।
वहीं साइकिल में टक्कर लगते ही बाइक पलट गई। जिससे बाइक पर सवार विशाल पुत्र संजय और अनिकेत पुत्र सरवन निवासी भारत खेड़ा सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा बाइक सवार दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतक वेदप्रकाश मूलरूप से मल्लावां थानाक्षेत्र निवासी था। किंतु बीते करीब 20 वर्षों से अपनी बहन सुधा निवासी ग्राम जगटापुर में रहकर स्कूल में चौकीदारी की नौकरी कर जीवन यापन करता चला आ रहा था।



















