
नगर को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से एक वृहद साफ-सफाई एवं जन जागरूकता अभियान चलाया
बांगरमऊ संवाददाता
बांगरमऊ, उन्नाव।
विश्व पर्यावरण दिवस के पर नगर पंचायत गंजमुरादाबाद द्वारा नगर को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से एक वृहद साफ-सफाई एवं जन जागरूकता अभियान चलाया गया। अधिशासी अधिकारी और चेयरमैन के निर्देशन में आयोजित अभियान के तहत नगर पंचायत के कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सुबह से ही नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों की विशेष टोलियों ने नगर के विभिन्न मुख्य मार्गों, चौराहों और घनी आबादी वाले वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया। नालियों की सफाई के साथ-साथ कीटनाशक दवाओं और चूने का छिड़काव किया गया।कर्मचारियों ने नगर में कई स्थानों पर जन जागरूकता गोष्ठी का भी आयोजन किया। इस गोष्टी के माध्यम से लोगों को अपने घरों के आसपास गंदगी न फैलाने, गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबिन में डालने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का पूरी तरह से बहिष्कार करने की अपील की गई। संगोष्ठी में मुख्य रूप से पर्यावरण संरक्षण और दैनिक जीवन में स्वच्छता के महत्व पर विस्तृत चर्चा की गई। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ”पर्यावरण की रक्षा केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। यदि हमारा नगर स्वच्छ रहेगा, तो हमारी आने वाली पीढ़ियां स्वस्थ और सुरक्षित रहेंगी।” नगर पंचायत के मुख्य लिपिक और वरिष्ठ कर्मचारियों ने उपस्थित लोगों और सफाई मित्रों को संबोधित करते हुए उनके अमूल्य योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र हमारे समाज के असली नायक हैं जो प्रतिदिन नगर को स्वच्छ रखने में अपना अमसी योगदान देते हैं। इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर गोपाल रस्तोगी सहित नगर पंचायत के समस्त सफाई नायक, लिपिक वर्ग, सफाई कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय वार्डों के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।

















