
*अर्कवंशी समाज को मिले आबादी के अनुसार राजनीतिक हिस्सेदारी: आनंद सिंह अर्कवंशी*—
बांगरमऊ, उन्नाव।
अखिल भारतीय अर्कवंशी क्षत्रिय महासंघ युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आनंद सिंह अर्कवंशी ने आज नगर स्थित अपने निजी आवास पर एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने अर्कवंशी समाज की वर्तमान स्थिति, ऐतिहासिक योगदान और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आनंद सिंह अर्कवंशी ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में अर्कवंशी समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। उन्होंने कहा, “हमारे समाज के पूर्वजों ने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए बड़ी कुर्बानियां दी हैं, जिसे इतिहास के पन्नों में वह स्थान नहीं मिला जिसका वह हकदार था। समाज के बलिदानों को भुलाया नहीं जा सकता।” आनंद सिंह ने पुरजोर तरीके से यह मांग उठाई कि अर्कवंशी समाज को भी उनकी आबादी के अनुपात में राजनीतिक हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संख्या बल का महत्व होता है, लेकिन विडंबना यह है कि आज भी यह समाज अपनी राजनीतिक पहचान और प्रतिनिधित्व के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अब समाज चुप नहीं बैठेगा। समाज के खोये हुए गौरव को वापस दिलाने के लिए प्रदेश भर में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। आने वाले चुनावों में समाज की एकजुटता दिखाई जाएगी ताकि राजनीतिक दल इस वर्ग की उपेक्षा न कर सकें। शिक्षा और स्वरोजगार के माध्यम से अर्कवंशी समाज के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने अंत में कहा, समाज के सम्मान, उत्थान तथा उचित राजनीतिक भागीदारी के लिए हम सड़क से लेकर शासन तक हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए तैयार हैं।
जल्द ही महासंघ युवा मोर्चा की एक बड़ी बैठक आयोजित कर आगामी रणनीति का ऐलान किया जाएगा। मालूम हो कि आनंद सिंह अर्कवंशी नगर पालिका परिषद बांगरमऊ के सभासद रह चुके हैं, और वर्तमान समय में उनकी माता व पत्नी नगर पालिका परिषद बांगरमऊ की निर्वाचित सभासद हैं। इसके साथ ही आनंद सिंह अर्कवंशी की माता शिवदेवी अर्कवंशी अखिल भारतीय अर्कवंशी क्षत्रीय महासंघ महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। इस अवसर पर संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।


















