अगले 2 वर्षो में 50 लाख लोगो को मिलेगा रोजगार, योगी आदित्यनाथ

Listen to this article

 

अगले 2 वर्षो में 50 लाख लोगो को मिलेगा रोजगार, योगी आदित्यनाथ

रिपोर्ट- मोहित मिश्रा

उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को भरोसा दिलाया है कि उनकी सरकार 50 लाख लोगों को आर्थिक रूप से स्वावलम्बी बनाकर रोजगार से जोड़ेगी। यह काम अगले दो साल में होगा। उन्होंने कहा कि एक संन्यासी ही असली समाजवाद ला सकता है। देश को तय करना होगा कि गांधी का भारत चाहिए या जिन्ना का भारत।

मुख्यमंत्री ने यह बात शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘हिन्दुस्तान शिखर समागम’ के मंच से कही। उन्होंने अपने करीब तीन साल के कामकाज का ब्योरा रखा। साथ ही कई मुद्दों पर बेबाकी से राय व्यक्त की। बजट और रोजगार की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने तीन साल में 50 लाख युवाओं को रोजगार से जोड़ा है। अब हर जिले में युवा हब बना रहे हैं। हमने इस बार भी बजट युवाओं को ध्यान में रखकर बनाया है। अगले दो साल में 50 लाख और लोगों को नौकरी तथा रोजगार से जोड़ेंगे। इस तरह पांच साल में एक करोड़ लोग नौकरी तथा रोजगार के जरिए आर्थिक रूप से स्वावलम्बी हो जाएंगे।

पूर्वांचल एक्सप्रेस वे दिवाली से पहले
आधारभूत ढांचे वाली परियोजनाओं को राज्य की तरक्की के लिए जरूरी बताते हुए उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस वे दीपावली से पहले जनता के लिए खोल दिया जाएगा। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का शिलान्यास 29 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। इसके बन जाने से दिल्ली से चित्रकूट की दूरी पांच घंटे में पूरी होगी। साथ ही ललितपुर से जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेस वे बाद में बनेगा। गंगा एक्सप्रेस वे का निर्माण इसी साल के आखिर तक शुरू हो जाएगा।

यूपी में हर व्यक्ति सुरक्षित
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को किस प्रकार की आजादी और कौन सी आजादी चाहिए। उन्हें गांधी की आजादी चाहिए या जिन्ना की। उत्तर प्रदेश में हर व्यक्ति सुरक्षित है। कोई अगर लोगों को गोली मारने के लिए आ रहा है तो कहीं से तो गोली चलेगी ही।

उन्होंने कहा कि देश को पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का रास्ता यूपी से जाएगा। उत्तर प्रदेश में पैसे की कमी नहीं है। यूपी में इतनी ताकत है कि पूरे देश को बैठाकर खिला सकता है। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों की भर्ती पर कहा कि अदालत में तारीखों के चलते यह भर्ती प्रक्रिया खिंचती जा रही है।

सामाजिक न्याय एक संन्यासी ही दे सकता है
मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव पर तंज करते हुए कहा कि समाजवाद शब्द अगर वास्तविक रूप में देखेंगे तो यह सामाजिक न्याय का पर्याय है। लेकिन यूपी में देखेंगे तो यह परिवारवाद का प्रतीक बन गया था। सामाजिक न्याय एक संन्यासी ही दे सकता है। आज का समाजवाद बहुरूपिया ब्रांड बन गया है। अपनी लाज और प्रतिष्ठा बचाने के लिए कभी किसी की गोद में बैठना कभी किसी की गोद बैठना। सीएम ने कहा कि सामाजिक न्याय देना उनके लिए असंभव था। इसलिए जनता ने उन्हें नकार दिया। हमारे लिए संभव है, इसलिए जनता ने हमें जिताया।

हनुमान चालीसा का पाठ अच्छी बात
दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल के हनुमान चालीसा का पाठ पर सीएम योगी ने कहा, अच्छी बात है कि हर व्यक्ति हनुमान चालीसा का पाठ करेगा। इससे बल और बुद्धि दोनों विकसित होती है। आज मंदिर जा रहे हैं। अब इसकी प्रतिस्पर्धा है। यह देश की राजनीति में स्वस्थ बदलाव है। दिल्ली के लिए अच्छा होगा।

चुनाव प्रचार में नेताओं की भाषा की मर्यादा पर योगी ने कहा कि भाषण के लहजे में तुकबंदी होती है। भाषा की मर्यादा का पालन सबको करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने समाज के हर एक वर्ग के लिए काम किया है। योजनाओं में किसी की जाति और धर्म को नहीं देखा जाता। मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव को गाय और सांड़ की चिंता करने की जरूरत नहीं है। सपा के लोग ही दूसरे राज्यों से बछड़े लाकर यूपी में छोड़ देते हैं।

विज्ञापन बॉक्स