दोनों यात्राओं का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अटल घाट पर स्वागत किया

Listen to this article

दोनों यात्राओं का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अटल घाट पर स्वागत किया

कानपुर /उत्तर प्रदेश (रघुनाथ प्रसाद शास्त्री

कानपुर। पतित पावनी गंगा की अविरल धारा का सपना संजोए अलग-अलग दिशाओं से निकली गंगा यात्राओं का कानपुर में शुक्रवार को समागम हो गया। दोनों यात्राओं का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अटल घाट पर स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री संग कैबिनेट मंत्रियों ने गंगा की आरती की और निर्मल गंगा देख मुख्यमंत्री खुश दिखायी दिये।

बिजनौर और बलिया से चली गंगा यात्रा देर शाम कानपुर जनपद में प्रवेश कर गयी थी और शुक्रवार को अटल घाट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत के साथ दोनों यात्राओं का समागम हुआ। इस दौरान मोक्षदायिनी गंगा के तट पर आस्था और श्रद्धा का संगम दिखा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित उनके मंत्रियों का पूरा समूह गंगा के प्रति पूरी तरह से आस्थावान नजर आया। कानपुर में आते ही मुख्यमंत्री ने सबसे पहले गंगा का पूजन किया. इसके बाद अटल घाट से गंगा दर्शन भी किया। गंगा पूजन के साथ गंगा आरती में आस्था की यह बयार देखी गई।

निर्मल गंगा देख खुश दिखे मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री ने यहां पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या, जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, कैबिनेट मंत्री सतीश महाना, कमलरानी वरूण, सुरेश राणा, सूर्य प्रताप शाही, बलदेव सिंह औलख समेत अन्य मंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल के साथ गंगा दर्शन किया। मुख्यमंत्री समेत कैबिनेट के मंत्रियों के रहने की वजह से गंगा का पानी भी साफ दिखा तो मुख्यमंत्री भी खुश दिखाई दिये और काफी देर तक गंगा को निहारते रहे।

मुख्यमंत्री की इस गंभीर मुद्रा में गंगा के प्रति उनकी आस्था और गंगा की अविरलता को लेकर चिंता साफ देखी जा सकती थी। यहां पर घाट से लेकर गंगा की लहरों तक सुरक्षा की सख्त व्यवस्था रही और आलाधिकारी भी बराबर अधीनस्थों को मॉनिटरिंग करते देखे गये। मुख्यमंत्री यहां पर गंगा के महत्व तो बताएंगे ही साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अर्थ गंगा योजना पर भी जानकारी देंगे।

विज्ञापन बॉक्स