चुनावी रंजिश के चलते प्रधान के पति ने मासूम के सीने में मारी गोली, घटना के बाद छावनी बना गांव,

Listen to this article

चुनावी रंजिश के चलते प्रधान के पति ने मासूम के सीने में मारी गोली, घटना के बाद छावनी बना गांव

     

उत्तर प्रदेश
उन्नाव फतेहपुर चौरासी में चुनावी रंजिश में निर्वाचित प्रधान के पति ने बेटों व साथियों के साथ असलहों से लैस होकर अपने प्रतिद्वंद्वी प्रधान प्रत्याशी के घर हमला बोल दिया। गाली-गलौज के बाद प्रधान पक्ष की ओर से कई राउंड फायरिंग की गई। इसमें प्रधान प्रत्याशी के 14 वर्षीय भतीजे के सीने में गोली लगने से मौत हो गई।

मारपीट में घर की महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। सफीपुर क्षेत्राधिकारी समेत दो थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मृतक के चाचा की तहरीर पर निर्वाचित प्रधान और उनके पति समेत सात लोगों पर बलवा, हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। ग्राम पंचायत समसपुर अटिया कबूलपुर के मजरा अटवा गांव निवासी निर्वाचित प्रधान अनुराधा के पति रणधीर सिंह शुक्रवार देर रात अपने भाई अनूप, मनोज, बेटे सूरज, नीरज, पत्नी अनुराधा सिंह व गांव के साथी अभिषेक सिंह के साथ असलहों एवं डंडों से लैस होकर प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी मीनू के पति मनोज के घर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी।

विरोध करने पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली मनोज के भतीजे दीपक (14) पुत्र विमलेश के सीने में जा धंसी। जिला अस्पताल ले जाते समय दीपक की मौत हो गई। पिटाई से मनोज की मां सियादुलारी, पत्नी मीनू व बड़े भाई विमलेश को चोटें आई हैं। मृतक दीपक गांव के ही उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था। मीनू चुनाव में हार गईं थी। मौके पर एसपी आनंद कुलकर्णी, एएसपी शशिशेखर सिंह व क्षेत्राधिकारी सफीपुर बीनू सिंह ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।

 

गांव में पुलिस बल तैनात
चुनावी रंजिश में फायरिंग में बच्चे की मौत के बाद गांव में आक्रोश को देखते हुए एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। भारी पुलिस बल के पहुंचने से गांव छावनी में तब्दील है। दहशत में ग्रामीण घरों से बाहर नहीं निकले। दीपक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। माता-पिता के अलावा भाई आदेश पाल व बहन प्रिया, प्रज्ञा बदहवास हैं। ग्रामीणों के अनुसार फायरिंग के दौरान घर में मौजूद बच्चा घर से बाहर आ गया। इस पर उसके सीने में गोली धंस गई

आईजी ने लिया संज्ञान
गोलीकांड में बच्चे की मौत की गूंज लखनऊ तक पहुंची। आईजी लक्ष्मी सिंह ने एसपी आनंद कुलकर्णी को हमलावरों पर कड़ी कार्रवाई व पूरे घटनाक्रम की जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए कहा है। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने उनके कई ठिकानों पर दबिश दी है। गिरफ्तारी के लिए स्वाट टीम को भी लगाया गया है।

विज्ञापन बॉक्स